lucknow

Apr 09 2024, 14:08

राम मंदिर के निर्माण से इंडी गठबंधन को नफरत : नरेन्द्र मोदी

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को पीलीभीत से भाजपा उम्मीदवार जितिन प्रसाद के समर्थन में राजकीय इंटर कालेज में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित किया। जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सपा कांग्रेस के इंडी गठबंधन को भारत के विरासत की परवाह नहीं है। राम मंदिर के निर्माण से इंडी गठबंधन को पहले भी नफरत थी और आज भी नफरत है। भाजपा के स्व. कल्याण सिंह ने राम मंदिर के लिए सत्ता त्यागी, जबकि इंडी गठबंधन ने राम मंदिर का निमंत्रण ठुकराकर अपमान किया है।

उन्होंने कहा कि मोदी की गांरटी याने गारंटी पूरा होने की गारंटी। इंडी गठबंधन ने शक्ति को खत्म करने की सौगंध खाई है। जिस शक्ति की आज देशभर में पूजा हो रही है उस शक्ति का कांग्रेस ने घोर अपमान किया है। शक्ति को कोई उपासक इंडी गठबंधन को इस अपमान के लिए माफ नहीं करेगा।कहा कि कांग्रेस व सपा के राज में गन्ना किसानों को अपने ही पैसे के लिए तरसाया जाता था। भाजपा सरकार में गन्ना किसानों की परेशानी कम करने के लिए पूरी ताकत से काम किया और योगी जी तो पहले दिन से गन्ना किसानों की परेशानी दूर करने के लिए कई कदम उठाये। यह काम लगातार किया जा रहा है। सपा बसपा कांग्रेस के 14 साल में जितने रूपये गन्ना किसानों को मिले थे, उससे ज्यादा पैसे योगी सरकार ने गन्ना किसानों को दे दिये हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम लोग विकसित भारत के संकल्प को लेकर काम कर रहे हैं। भारत के लिए कुछ भी असंभव नहीं है। जनता से सवालिया लहजे में मोदी ने पूछा दुनिया में भारत तेजी से बढ़ती आर्थिक ताकत बना तो आपको गर्व हुआ कि नहीं? हमारे चन्द्रयान ने जब चाँद पर तिरंगा फहराया,भारत में हुए भव्य जी—20 सम्मेलन की पूरी दुनिया में वाहवाही हुई आपको गर्व हुआ कि नहीं?

नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कोरोना संकट में भारत ने पूरी दुनिया में दवाईयां भेजी व वैक्सीन भेजी। दुनिया में कहीं भी युद्ध का संकट आया हो। हम एक-एक भारतीय को सुरक्षित वापस लाये। देश जब मजबूत होता है तो दुनिया उसकी सुनती है। अब आप बताओ दुनिया में भारत का डंका बज रहा है कि नहीं। यह सब मोदी ने नहीं आपके एक वोट ने किया है। यह आपके वोट की ताकत है। आपके एक वोट से मजबूत निर्णायक व सशक्त सरकार बनी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब नियत सही होती है, हौंसले बुलंद होते हैं तो नतीजे भी सही मिलते हैं। चारों तरफ विकसित भारत का निर्माण होते हम देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि बांसुरी की सुरीली आवाज है तो दूसरी ओर टाईगर की दहाड़ भी है। यहां के नौजवानों के लिए रोजगार व स्वरोजगार के अवसर बन रहे हैं। पीलीभीत का पूरा क्षेत्र खेती किसानी के लिए जाना जाता है। 10 वर्ष पहले तक किसानों की क्या स्थिति थी। यूरिया की कालाबाजारी होती थी। किसानों को लाठियां खानी पड़ती थी। मोदी ने कहा पीलीभीत में आशीर्वाद देने आए परिवारजनों को आश्वस्त करता हूं कि आपके जीवन को आसान बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ूंगा। मेरे जीवन का हर पल, हर क्षण जनसेवा और राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित है।

lucknow

Apr 09 2024, 14:07

ग्लोबल पावर बनने की ओर अग्रसर भारत : मुख्यमंत्री योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक ग्लोबल पावर बनने की ओर अग्रसर है। भारत बदल रहा है। बदलते भारत में सुरक्षा व समृद्धि भी है।मुख्यमंत्री ने कहा कि गन्ना किसानों के गन्ना मूल्य का भुगतान समय पर हो रहा है। कोई सोचता था कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन पायेगा।

यह संभव हो पाया है प्रधनमंत्री नरेन्द्र मोदी के कारण। विकसित भारत की संकल्पना को लेकर मोदी जी आपके बीच आये हैं। 2014 में 2019 में देश के मतदाताओं ने मोदी के नेतृत्व पर विश्वास किया और आज बदलते हुए भारत को सब देख रहे हैं।उल्लेखनीय है कि पीलीभीत से भाजपा सांसद वरूण गांधी का टिकट काटकर उत्तर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया गया है।

जनसभा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भी संबोधित किया। पीलीभीत पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री को बांसुरी भेंटकर स्वागत किया। मंच पर केन्द्रीय मंत्री बीएल वर्मा,बरेली लोकसभा उम्मीदवार छत्रपाल गंगवार,पीलीभीत से भाजपा उम्मीदवार जितिन प्रसाद,पूर्व केन्द्रीय मंत्री संतोष गंगवार,प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान व बलदेव सिंह ओलख,पूर्व मंत्री सुरेश राणा व प्रदेश महामंत्री संतोष सिंह समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।

lucknow

Apr 08 2024, 11:48

अफजाल अंसारी ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद माैर्य को कहा गुंडा, ऐसी टिप्पणी से मौर्य समर्थकों में नाराजगी

लखनऊ। यूपी में अब बयान बाजी का दौर शुरू हो गया है। अफजाल अंसारी ने केशव प्रसाद मौर्य को गुंडा बताया है। अखिलेश यादव के गाजीपुर पहुंचकर मुख्तार अंसारी की मौत पर शोक व्यक्त करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अफजाल अंसारी ने उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर कई ऐसी टिप्पणी की जिससे मौर्य के समर्थकों में नाराजगी है।

अफजाल अंसारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से बात करते हुए कहा कि केशव प्रसाद मौर्य पर 16 मुकदमा रहा है। उनके ऊपर 302 के भी मुक़दमे रहे हैं। खुद का चुनाव हारने के बाद भी वह पद स्वीकार रहे हैं। ऐसे लोग लंबी बातें करते हैं तो क्या कहा जाए। सिर में कितने बाल की कहावत का उदाहरण देते हुए अफजाल अंसारी ने कहा कि केशव प्रसाद मौर्य हों या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ या फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इनका तिलिस्म भारत की जनता के सामने टूट गया है। केवल इस घटना से ही नहीं तमाम ऐसी घटनाएं हुई हैं जिससे भारत की जनता का भरोसा इनसे उठ गया है।

अंसारी को ईवीएम में भी घोटाला दिख रहा है। उन्होंने कहा कि अगर इवीएम वीवी पेट से निकलने वाली पर्ची का शतप्रतिशत मिलान कर लिया जाएगा तो इवीएम मशीन का खेल खत्म हो जाएगा। ईवीएम मशीन से धांधली नहीं हो पाएगी।उल्लेखनीय है कि विपक्ष के नेता सत्ताधारी दल के नेताओं में केशव प्रसाद मौर्य के ऊपर सबसे ज्यादा हमलावर दिखाई देते हैं। जानकारों की मानें तो यह इसलिए होता है क्योंकि केशव प्रसाद मौर्य का आक्रामक तेवर विपक्ष के नेताओं को बर्दाश्त नहीं होता है। यही वजह है कि मुख्य विपक्षी दल के मुखिया अखिलेश यादव हों या फिर अन्य विपक्षी दल, केशव पर हमलावर दिखाई देते हैं। अब अफजाल अंसारी ने केशव प्रसाद मौर्य पर ऐसे बयान दिए हैं।

lucknow

Apr 08 2024, 11:46

नवरात्र के पहले ही दिन अबकी बार पड़ रहे सर्वार्थ और अमृत सिद्धि योग, नौ अप्रैल से शुरु होंगे चैत्र नवरात्र, 17 तक चलेंगे

लखनऊ। अबकी बार के चैत्र नवरात्रि नौ अप्रैल से शुरु होंगे, जो 17 अप्रैल को रामनवमी के दिन समाप्त होंगे। इस साल चैत्र शुक्ल की प्रतिपदा तिथि 08 अप्रैल को रात 11:50 मिनट से शुरू होगी। यह तिथि नौ अप्रैल को संध्याकाल 08:30 मिनट पर समाप्त होगी। हिंदू धर्म में उदया तिथि ही मानी जाती है इसलिए नौ अप्रैल को कलश स्थापना होगी।

आचार्य रामऔतार पाण्डेय ने सोमवार को बताया कि उदया तिथि के अनुसार नौ अप्रैल को कलश स्थापना का समय सुबह 05:52 बजे से 10:04 बजे तक है। इसके अलावा 11:45 मिनट से दोपहर 12:35 मिनट तक अभिजीत मुहूर्त है। इन दोनों मुहूर्त में घट स्थापना कर सकते हैं। चैत्र नवरात्र के पहले दिन यानी प्रतिपदा तिथि पर सर्वार्थ सिद्धि योग और अमृत सिद्धि योग का निर्माण हो रहा है। इस दिन अमृत और सर्वार्थ सिद्धि योग का निर्माण सुबह 07 बजकर 32 से हो रहा है। ये दोनों योग संध्याकाल 05 बजकर 06 मिनट तक हैं।

आचार्य ने बताया कि चैत्र नवरात्र में मां दुर्गा इस बार घोड़े पर सवार होकर आएंगी। मां दुर्गा का वाहन इस बात पर निर्भर करता है कि नवरात्रि का पर्व किस दिन से आरंभ हो रहा है। पंचांग के अनुसार इस साल नवरात्रि का आरंभ नौ अप्रैल मंगलवार से हो रहा है। इसलिए मां दुर्गा का वाहन अश्व यानी घोड़ा होगा। 17 अप्रैल यानी बुधवार को नवरात्रि का समापन होगा और माता रानी हाथी पर प्रस्थान करेंगी। माता का हाथी पर सवार होकर प्रस्थान करना शुभ संकेत है। नौ अप्रैल से चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के साथ ही विक्रम संवत 2081 की शुरुआत होगी। इसके एक दिन पहले सोमवती अमावस्या पड़ेगी और इस दिन स्नान व दान करना उचित माना गया है।

lucknow

Apr 08 2024, 11:08

यूपी के पूर्व डीजीपी विजय कुमार पत्नी समेत भाजपा में हुए शामिल, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दिलाई सदस्यता

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में विभिन्न दलों के राजनेताओं के साथ-साथ अन्य लोगों के शामिल होने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में सोमवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के साथ बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी एवं कांग्रेस समेत अन्य लोगों ने भाजपा की सदस्यता लेते हुए हाथों में कमल थाम लिया।

प्रदेश भाजपा कार्यालय में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की उपस्थिति में आज पूर्व डीजीपी विजय कुमार, पूर्व डीजीपी अरुण कुमार को भाजपा की सदस्यता दिलाई। पार्टी में विजय कुमार की पत्नी अनुपमा ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। वहीं इस दौरान विभिन्न दलों से आए नेतागणों ने भी कमल का लोकसभा चुनाव के दौरान बसपा के मिथिलेश कुमार मिश्रा के अलावा कानपुर से हाल में ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए पूर्व विधायक अजय कपूर के समर्थक, कांग्रेस, सपा, विभिन्न दलों के पार्षदों के साथ-साथ निर्दलीय पार्षद भी भाजपा में शामिल हुए।

lucknow

Apr 08 2024, 08:22

बदायूं से शिवपाल सिंह यादव की जगह उनके बेटे आदित्य यादव लड़ेंगे चुनाव, एक सभा के दौरान शिवपाल ने किया एलान

लखनऊ । सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने यह स्पष्ट कर दिया है कि उनके स्थान पर अब बदायूं लोकसभा सीट से उनके बेटे आदित्य यादव उम्मीदवार होंगे। शिवपाल ने रविवार को बिसौली विधानसभा क्षेत्र के अहमदगंज की चुनावी सभा में यह घोषणा की। उनका बयान शाम तक सोशल मीडिया पर वायरल भी हो गया। अब इसमें हैरान करने वाली बात यह है कि इस सीट पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने शिवपाल की घोषणा की थी। अब शिवपाल चुनाव लड़ने से पीछे हट रहे है। हालांकि अभी तक अखिलेश यादव की तरफ से इस सीट को लेकर कोई बयान नहीं दिया गया है।

शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि यह चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण है। फिर आदित्य यादव का नाम लिए बगैर ही बोले, चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अब तो बन गए हैं....पता है, पता है, इसके बाद लोगों की ओर से नाम आया आदित्य यादव। आदित्य यादव जिंदाबाद के नारे भी लगे फिर शिवपाल सिंह यादव ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा- देखिए, पहले तो लखनऊ से उनका ही नाम चला था। लेकिन खासतौर से युवाओं की मांग पर अब आदित्य यादव प्रत्याशी हो गए हैं। बहुत ही जल्दी नवरात्र में उनका नामांकन हो जाएगा। नवरात्र में शुभ और अच्छा होता है।

जानकारी के लिए बता दें कि बदायूं से धर्मेंद्र यादव का टिकट काटकर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शिवपाल सिंह यादव को 20 फरवरी को उम्मीदवार घोषित किया था। उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद भी वह निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव प्रचार करने नहीं पहुंचे थे तब चर्चा चली थी कि शिवपाल सिंह यादव विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहना चाहते हैं। इसके बाद वह 14 मार्च को बदायूं आए। बदायूं, सहसवान और गुन्नौर में कार्यकर्ता सम्मेलन हुए, जिसमें युवाओं ने शिवपाल सिंह यादव को उम्मीदवार बनाने का प्रस्ताव पारित किया। तब शिवपाल सिंह यादव ने कहा था कि युवाओं की मांग पर वह राष्ट्रीय अध्यक्ष से बातचीत करेंगे। अब रविवार को उम्मीदवारी के विषय में उन्होंने खुद ही स्थिति स्पष्ट की है।

lucknow

Apr 08 2024, 08:21

शिव साधक स्वामी शिवशंकर चैतन्य भारती महाराज का निधन, पीएम मोदी और सीएम योगी ने जताया शोक

लखनऊ । काशी के शिव साधक स्वामी शिवशंकर चैतन्य भारती महाराज (108) का रविवार की शाम को निधन हो गया। उन्होंने लक्सा स्थित रामकृष्ण मिशन अस्पताल में अंतिम सांस ली। मणिकर्णिका घाट के सामने उन्हें गंगा में जलसमाधि दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत काशी के संत, विद्वत समाज और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास से जुड़े सदस्यों व श्रद्धालुओं ने शोक जताया। काशी के विद्वानों ने कहा कि उनके निधन से साधना जगत की अपूरणीय क्षति हुई है।

lucknow

Apr 07 2024, 15:51

भाजपा अध्यक्ष नड्डा की पत्नी की चोरी हुई कार वाराणसी से बरामद, दो गिरफ्तार

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की पत्नी की चोरी हुई सफेद रंग की फॉरच्यूनर कार रविवार को दिल्ली पुलिस ने वाराणसी से बरामद की। बरामद कार पर सांसद का स्टीकर भी लगा हुआ था। इस मामले में दिल्ली पुलिस की टीम ने दो कार चोरों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार भाजपा अध्यक्ष नड्डा की पत्नी मल्लिका नड्डा की फॉर्च्यूनर कार बीते 19 मार्च को दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके से चोरी हुई थी। कार का चालक जोगिंदर सिंह गोविंदपुरी स्थित अपने घर पर लंच करने गया था, तभी वहां से चोरों ने कार उड़ा दी। कार चालक ने पुलिस से संपर्क किया और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर गाड़ी की तलाश शुरू कर दी थी। सीसीटीवी फुटेज में चोरी हुई फॉर्च्यूनर कार को आखिरी बार गुरुग्राम की ओर जाते देखा गया था और उस पर हिमाचल प्रदेश का नंबर लगा था।

दिल्ली के दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त ने एसीपी दिलीप सिंह एवं जिले के वाहन चोरी निरोधक दस्ता प्रभारी की देखरेख में वाहन की बरामदगी के लिए 12 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम तैयार की। पुलिस टीम पिछले 15 दिनों से कार चोरों के पीछे लगी हुई थी। कार की सटीक लोकेशन मिलते ही पुलिस ने वाराणसी से वाहन को बरामद कर लिया। इस मामले में गिरफ्तार फरीदाबाद बड़कल निवासी शाहिद और शिवांश त्रिपाठी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ कार को चुराकर ले गए थे। शाहिद ने फरीदाबाद में अपनी पत्नी व बच्चों को भी कार में बैठा लिया। रास्ते में चोरों ने कार की नंबर प्लेट बदल दी। चोर कार को जब उत्तर प्रदेश में लाए तब उन्हें पता लग गया था कि ये भाजपा अध्यक्ष की कार है। दोनों ने बताया कि कार को हरियाणा, हिमाचल और यूपी के रास्ते नगालैंड ले जाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस अफसरों के अनुसार गिरफ्तार शाहिद मैदानगढ़ी थाने का घोषित बदमाश है। उसके खिलाफ 60 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।

lucknow

Apr 07 2024, 15:10

मुख्तार अंसारी को अखिलेश ने दी श्रद्धांजलि, सरकार को घेरा

लखनऊ।सपा प्रमुख अखिलेश यादव रविवार को मुख्तार अंसारी को श्रद्धांजलि देने पैतृक आवास यूसुफपुर पहुंचे। इस दौरान स्वजनों से मिलकर उन्‍होंने शोक संवेदना प्रकट की।

अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार पर किसी को भरोसा नहीं है। हाईकोर्ट के सिटिंग न्यायाधीश की जांच से ही न्याय संभव है। बांदा जेल में बंद मुख्तार अंसारी ने अपनी जान को खतरा बताया था। लोकसभा चुनाव में भाजपा को जनता सबक सिखाएगी।

मी‍ड‍िया से बातचीत में स्‍पष्‍ट किया कि वह परिवार के सदस्यों से मिलकर दुख बांटने आए हैं। मुख्तार अंसारी ने जहर देने की शिकायत की थी। उम्मीद है कि सरकार इस आरोप पर सच्चाई सामने लाएगी। कस्टोडियन डेथ में यूपी आगे हैं। न्याय देना सरकार की जिम्मेदारी है। मंहगाई, किसान हित, पेपरलीक आदि समस्या है। सरकार राजनीतिक लाभ के लिए घटनाएं करा रही है।

मुख्‍तार के समर्थक में उन्‍होंने कहा कि दूर बैठे लोग छवि नहीं जानते हैं। मुख्तार की छवि वैसी नहीं थी, जैसा बताया गया। आम जनमानस इसे स्वाभाविक मौत नहीं मान रही है। भारत सरकार पर आरोप लगा है। अमेरिका और कनाडा की घटना सबके सामने है। मुख्तार अंसारी जनता के सेवक रहे हैं। लोकतंत्र में वह जनता के दुख में शामिल होते थे। केशव प्रसाद की भाषा बता रही है कि उनसे बडा कोई गुंडा नहीं। बीजेपी दोबारा आ गयी तो चार साल की नौकरी हो जाएगी।

lucknow

Apr 07 2024, 12:16

किसान से 15 हजार की रिश्वत लेने में बैंक मैनेजर गिरफ्तार

लखनऊ। शिकायत मिलने पर औरैया जनपद में पहुंची सीबीआई लखनऊ की टीम। किसान की शिकायत पर पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर को किया गिरफ्तार। किसान से मांगे गए थे रुपए, प्रार्थी का ऋण 3.38 लाख फरवरी 2024 में हुआ था स्वीकृत।

किसान लोन के रुपए निकालने के दौरान मांगी जा रही थी 15,000 की रिश्वत। कुदरकोट थाना क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक का मामला, मैनेजर शुभम कटियार को 15 हजार की रिश्वत लेते दबोचा गया। मैनेजर शुभम कटिहार को आज लखनऊ सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।